फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोहाली का हो गया विस्तार, आग से निपटने के नहीं हैं इंतजाम

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली। जिले के शहरी इलाके का विस्तार काफी तेज गति से हो रहा है। एयरपोर्ट साइड में जहां एरोसिटी, आईटी सिटी बस गई है तो न्यू चंडीगढ़ में ईकोसिटी और मेडिसिटी में लोगों ने आलीशान कोठियां व फार्म हाउस स्थापित किए हैं लेकिन इन इलाकों में आग से निपटने के इंतजाम नहीं हैं। अभी तक वहां फायर स्टेशन की सुविधा नहीं है, ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोग मोहाली फायर स्टेशन पर ही निर्भर हैं। फायर विभाग को इन इलाकों में आग बुझाना किसी चुनौती से कम नहीं है क्योंकि वहां पर पहुंचने में आधे घंटे से अधिक का समय लग जाता है। ऐसे में नुकसान अधिक होने का खतरा बना रहता है।
विज्ञापन

मोहाली में करीब 44 साल पहले 1978 में फेज-एक में फायर स्टेशन स्थापित हुआ था। हालांकि उस समय बसावट कम थी। आतंकवाद का दौर होने के चलते लोग इलाके में कम रहते थे। 1992 के बाद हालात में सुधार होना शुरू हुआ। 2006 में मोहाली को जिले का दर्जा मिला। इसके बाद कई नामी हाउसिंग कंपनियां इलाके में आईं। कई बड़े प्रोजेक्ट इलाके को मिले। साथ ही शहरी इलाके का इजाफा हो गया लेकिन इसके बाद भी फायर स्टेेशन बनाने की दिशा में काम नहीं किया गया। इसका नुकसान भी जिले के लोग कई बार उठा चुके हैं। एक तो नए इलाकों तक पहुंचने में कम से कम 20 से 25 मिनट लगते हैं। वहीं बड़ी आग लगने पर चंडीगढ़ के अलावा एयरफोर्स व अन्य जगह से फायर टेंडर मंगवाने पड़ते हैं। इसके लिए बाकायदा भुगतान तक करना पड़ता है।
दो फायर स्टेशन बनाने का चल रहा काम भी अधूरा
नगर निगम ने दो फायर स्टेशन स्थापित करने का काम शुरू किया था। इनमें से एक सेक्टर-78 में बनना था जबकि दूसरा इंडस्ट्रियल एरिया फेज-आठ शामिल है। उस समय कोशिश थी कि इन दो नए फायर स्टेशनों से मोहाली के नए इलाके कवर हो जाएंगे लेकिन अभी तक दोनों फायर का काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है। इतना ही नहीं, कोरोना और मिट्टी के सैंपलों की रिपोर्ट में आने में हुई देरी से अब सेक्टर-78 में बन रहे फायर स्टेशन की लागत करीब 52 लाख रुपये बढ़ गई है। अब यह 2.92 करोड़ रुपये में तैयार होगा। दूसरी तरफ डेराबस्सी में पुराना फायर स्टेशन है। जीरकपुर में फायर टेंडर है, लेकिन अभी तक फायर स्टेशन नहीं बन पाया है। ऐसे ही खरड़ में अस्थायी इमारतों में चल रहा है जबकि कुराली में उत्तरी भारत की सबसे पुरानी पटाखा मार्केट है, लेकिन वहां पर भी इंतजाम नहीं है।
विज्ञापन

मोहाली फायर स्टेशन से विभिन्न स्थानों की दूरी
स्थान दूरी जाने में लगने वाला समय
फेज एक से एरोसिटी 15.7 किलोमीटर 29 मिनट
फेज-एक से आईटी सिटी 8.6 किलोमीटर 20 मिनट
फेज-एक से इको सिटी 13.5 किलोमीटर 24 मिनट
फेज-एक से मेडिसिटी 13.5 किलोमीटर 24 मिनट
फेज-एक से नयागांव 14 किलोमीटर 25 मिनट
बहुमंजिला इमारतों में आग बुझाना है चुनौती
मोहाली फायर स्टेशन के लिए भले ही अति आधुनिक मशीनरी कुछ सालों में खरीदी गई है लेकिन फिर भी इलाके में बनी बहुमंजिला इमारते फायर विभाग के लिए चुनौती बन गई हैं क्योंकि फायर स्टेशन के पास मौजूद हाइड्रोलिक लैडर केवल 55 फुट तक जाने में संभव है जबकि इमारतें अब 27 से 30 मंजिला (करीब 300 फुट) तक बन रही हैं। ऐसे में फायर विभाग ने नगर निगम से 104 फुट ऊंचाई तक जाने वाली हाइड्रोलिक लैडर खरीदने की मांग की है लेकिन अभी तक यह प्रोजेक्ट अधर में है।
वीआईपी डयूटी का बोझ सबसे अधिक
मोहाली पंजाब का वीआईपी शहर है। यहीं पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लेकर पंजाब के करीब 22 विभागों के मुख्यालय है। ऐसे में मुलाजिम पर अपनी रूटीन ड्यूटी के अलावा वीआईपी ड्यूटी का बोझ अधिक रहता है क्योंकि कोई न कोई मंत्री या मेहमान इलाके में चला रहता है। इसके अलावा अधिकतर राज्य स्तरीय धरने भी यहां पर होते हैं। पंजाब में कहीं भी कोई बड़ा समागम होता है तो मोहाली फायर स्टेशन से ही गाड़ियां जाती हैं।
कोट
नए फायर स्टेशन का चल रहा है काम
सेक्टर-78 में बन रहे फायर स्टेशन का काम तेजी से चल रहा है। 104 फुट ऊंचाई तक जाने वाली हाइड्रोलिक लैडर लिए निगम को पत्र लिखा है। इसके अलावा फायर नियम न तोड़ने वालों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उम्मीद है कि लोगों को इससे फायदा मिलेगा। -जसविंदर सिंह, जिला फायर अफसर, मोहाली
फायर विभाग को कर रहे हैं मजबूत
मोहाली फायर विभाग को मजबूत करने के लिए नगर निगम लगातार काम कर रहा है। नए फायर स्टेशन बनाने का काम चल रहा है। अनुबंध पर मुलाजिम भी रखे गए हैं। इसके अलावा हाइड्रोलिक लैडर के लिए गमाडा को पत्र लिखा गया है। -कुलजीत सिंह बेदी, डिप्टी मेयर नगर निगम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें