जीरकपुर। मिशन वंदे भारत के तहत सोमवार को ऑकलैंड से भारतीयों को स्पेशल फ्लाइट के माध्यम से वापस लाया गया। यह उड़ान एयर इंडिया की थी जो मोहाली के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुुबह करीब साढ़े छह बजे पहुंची। इस उड़ान में करीब 140 यात्री मौजूद थे।
यह वे यात्री थे जोकि ऑकलैंड घूमने के लिए गए थे या फिर वहां नौकरी करते थे। इसमें कई यात्रियों के बच्चे वहां रहते हैं और वे अपने बच्चों से
मिलने के लिए जनवरी में ऑकलैंड गए थे और वहां फंस गए थे। जब मिशन वंदे भारत की शुरुआत की गई तो यह लौट आए है। इस उड़ान में ज्यादातर यात्रियों ने पीपीई किट पहनी थीं। इस उड़ान में पंजाब और आसपास के राज्यों के यात्री शामिल थे। मोहाली के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची इस उड़ान के यात्रियों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार क्वारंटीन किया जाएगा। चंडीगढ़ एयरपोर्ट के पीआरओ प्रिंस दिलदार ने बताया कि एयरपोर्ट पर सारी व्यवस्थाओं को एयरपोर्ट अथॉरिटी ने संभाला। उन्होंने बताया कि जो लगेज विमान से उतारा गया उसको बाकायदा सैनिटाइज करने के बाद ही यात्रियों को दिया गया।