रात के समय बढ़ रहा हादसों का खतरा, प्रशासन बेखबर
संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। डेराबस्सी के बरवाला रोड पर बेसहारा पशुओं की बढ़ती संख्या राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी बन गई है। सड़क पर घूमते और बीचोंबीच बैठे पशुओं के कारण हर समय हादसों का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद नगर परिषद की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे लोगों में रोष है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बरवाला रोड पर अक्सर गाय और अन्य बेसहारा पशु सड़कों पर बैठे रहते हैं। खासकर रात के समय कम रोशनी में ये पशु दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और कार सवारों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने सवाल उठाया कि सरकार की ओर से गोवंश की देखभाल के लिए गोसेस वसूला जाता है, लेकिन इसके बावजूद सड़कों पर पशुओं का जमावड़ा क्यों लगा रहता है। उन्होंने गोसेस की राशि के इस्तेमाल का ब्यौरा सार्वजनिक करने की भी मांग की। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद की ओर से पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में पहुंचाने के लिए प्रभावी अभियान नहीं चलाया जा रहा। उन्होंने प्रशासन से बरवाला रोड सहित शहर के अन्य प्रमुख मार्गों से बेसहारा पशुओं को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मांग की, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।