प्रॉपर्टी खरीदने के नाम पर 4.50 लाख रुपये भी लिए, अब युवक का पता नहीं
कार्ड छपवाने के बाद शादी से दो हफ्ते बातचीत की बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। सेक्टर-70 की युवती की शादी यूपी के जिला अलीगढ़ के रहने वाले गौरी शंकर से तय हुई थी। 16 जनवरी को युवती की गौरी शंकर से शादी होने वाली थी। शादी से कुछ महीने पहले आरोपी ने धोखे से युवती से दुष्कर्म किया। भरोसा बनाकर मकान खरीदने का बहाना बनाया और युवती से 4.50 लाख रुपये लेकर रफूचक्कर हो गया। अब शादी की तारीख भी निकल गई। शादी की तारीख से दो सप्ताह पहले से युवक ने बात बंद कर दी थी। अब उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। ऐसे में युवती की शिकायत पर मटौर थाना पुलिस ने अलीगढ़ निवासी गौरी शंकर के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से यूपी की रहने वाली युवती ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसने एमसी आईटी की पढ़ाई की हुई है और मोहाली में प्राइवेट जॉब करती है। उसने जीवनसाथी डॉट कॉम वेबसाइट पर एक आईडी बनाई थी। वेबसाइट से सितंबर 2024 में गौरी शंकर रामा अस्पताल रामघाट रोड कोयल जिला अलीगढ़ यूपी से उसकी बातचीत शुरू हुई। बातचीत के दौरान उनकी बात शादी तक पहुंची। उन्हें एक दूसरे की प्रोफाइल पसंद आ गई। सितंबर 2024 में गौरी शंकर ने युवती से कहा कि वह उससे मिलने वृंदावन आए और उसके परिवार से मुलाकात करे। 27 सितंबर को वह गौरी शंकर से मिलने वृंदावन पहुंची। गौरी शंकर ने युवती से कहा कि उसने यहां दो फ्लैट किराए पर लिए हैं। वह ओमेक्स एंटरनिटी सोसाइटी में स्टूडियो अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-403 ब्लॉक-ए में उसे ले गया लेकिन फ्लैट में उन दोनों के अलावा कोई नहीं था। परिवार के बारे में पूछने पर गौर शंकर ने कहा कि मां को कैंसर है और वह इलाज के लिए मेदांता अस्पताल लखनऊ में भर्ती है। युवती फ्लैट में दो दिन रही और इस दौरान गौरी शंकर ने उसे शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म किया। इसके बाद नवंबर और दिसंबर 2024 में गौरी शंकर उसके पास मोहाली आया और उसके मकान में रुका। उसने दोबारा उसके साथ संबंध बनाए। दिसंबर 2024 को युवती दोबारा वृंदावन गई और वहां परिवार के सदस्यों की सहमति से शादी की तारीख 16 जनवरी 2025 तय की गई। गौरी शंकर ने शादी के कार्ड भी छपवाए। उसने युवती से कहा कि वह ड्रीम वैली सोसाइटी के नजदीक मूर्ति ग्रेटर नोएडा में रहता है और सोसाइटी के ही कम्युनिटी हाल में उनकी शादी होगी। गौरी शंकर ने कुछ दिन पहले उसे प्रॉपर्टी खरीदने की बात कही और 4.50 लाख रुपये यह कहकर ले लिए कि यह उनकी अपनी ही प्रॉपर्टी बन रही है। शादी से दो हफ्ते पहले गौरी शंकर ने युवती से बात करनी बंद कर दी। शादी के लिए न तो वह और न ही उसका परिवार युवती से बात कर रहा है। शादी की तारीख भी निकल चुकी है और अब तक उसका कुछ पता नहीं है। युवती ने पुलिस से कहा कि गौरी शंकर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उससे 4.50 लाख रुपये भी ठग लिए। पुलिस ने अब पीडि़त युवती के बयान दर्ज गौरी शंकर पर मामला दर्ज कर लिया है।