राज्य में नशे को खत्म करने के लिए हर वर्ग को एकजुट होने की जरूरत है। यह बात सरकार के सहायक मीडिया सलाहकार विनीत जोशी ने कही।
वह पार्षद सतवीर सिंह धनोआ की अगुवाई में एमआईए भवन में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह पंजाबी विरसा सभ्याचार सोसायटी जोशी फाउंडेशन के सहयोग से करवाया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व आम आदमी पार्टी की ओर से पंजाब को नशेड़ी कहना सोची समझी साजिश है। इस मुद्दे को वह राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं। उनके यह मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। उन्होंने परिजनों को शुरू से ही अपने बच्चों को संस्कार देने की बात कही है। उन्होंने बताया कि जोशी फाउंडेशन की तरफ से राज्य भर में नशे के खात्मे के लिए मुहिम शुरू की गई है।
इस दौरान करीब 108 नशा मुक्ति के संबंध में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी। फाउंडेशन द्वारा हर महीने लोगों को जागरूक करने के लिए एक लाख फोल्डर बांटे जा रहे हैं।
वहीं, उड़ता पंजाब फिल्म के बारे में उन्होंने कहा कि फिल्म को सेंसर बोर्ड को मंजूरी देना है। इससे पंजाब सरकार का कोई लेना देना नहीं है। इससे पहले सेमिनार को संबोधित करते प्रभजीत सिंह बोपाराय ने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए सेमिनार करवाए जाएंगे।
सेमिनार में भाजपा के सूबा सचिव दिनेश कुमार, अकाली शहरी के प्रधान प्रभजीत सिंह काहलो, एसडीएस सोढी, हरदेव सिंह जटाना और मास्टर हरभजन सिंह मौजूद रहे।