मोहाली। शहर में बढ़ती जा रही कूड़े की समस्या को लेकर नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने मंगलवार को कुछ पार्षदों को साथ लेकर गांव समगौली में स्थापित होने वाले कचरा प्रसंस्करण संयंत्र स्थल का दौरा किया। इस मौके पर मेयर ने वहां की स्थिती पर दुख प्रकट कर कहा कि पंजाब सरकार को इस स्थान पर कचरा उपचार संयंत्र शुरू करना था, लेकिन यहां तक पहुंचने के लिए आवश्यक सड़क भी नहीं बनाई गई है। उन्होंने कहा कि वे पहले ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, स्थानीय निकाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव और पीएमआईडीसी के सीईओ को समगौली में बायोगैस प्लांट लगाने के लिए पत्र लिख चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने पार्षदों को मौका दिखाते हुए कहा कि यहां की स्थिति सरकार की कथनी और करनी में अंतर को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह मोहाली की कूड़े की समस्या के समाधान के लिए काम करने का दावा करते हैं, लेकिन सरकार ने इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने मांग की कि इस समस्या के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए।