मोहाली। मानसून से पहले सड़क गलियों की सफाई के दावों की मंगलवार को पोल खुल गई। मेयर सरबजीत सिंह समाना ने निरीक्षण के दौरान सेक्टर-71 में खुद जमीन खोदकर एक बंद पड़ी सड़क गली को खोला। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों को कड़ी फटकार लगाई। यह सड़क गली पूरी तरह मिट्टी और गाद से ढकी हुई थी। इससे साफ था कि इसकी सफाई लंबे समय से नहीं हुई थी। मेयर ने तुरंत सफाई कर्मचारियों को बुलाकर गली की सफाई करवाई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी लापरवाही दोबारा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेयर ने 30 जून तक शहर की सभी सड़क गलियों की सफाई पूरी करने का लक्ष्य तय किया था। मंगलवार को यह समय सीमा समाप्त हो गई। निरीक्षण के दौरान कुछ क्षेत्रों को छोड़कर कई जगह सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। कई स्थानों पर सड़क गलियां पूरी तरह साफ नहीं थीं। कहीं-कहीं सफाई का काम अधूरा पाया गया।
लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
मेयर ने कहा कि जहां भी कमी मिली है, वहां संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मानसून के दौरान शहरवासियों को जलभराव या सीवरेज से जुड़ी परेशानी न हो। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
सफाई के बाद भी कूड़े का ढेर
शहर की कई प्रमुख सड़कों पर सड़क गलियों की सफाई तो कर दी गई है। लेकिन उनमें से निकाली गई गाद और कूड़ा अब भी सड़क किनारे ढेरों में पड़ा हुआ है। यदि बारिश होती है तो यही कूड़ा दोबारा बहकर सड़क गलियों में पहुंच सकता है। इससे सफाई अभियान का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा। फेज 7 में चावला लाइट प्वाइंट पर भी कूड़ा न उठने से सड़क पर ढेर लगा दिखाई दिया।