मोहाली। मांगों को लेकर बिजली कर्मचारी तीन दिवसीय हड़ताल पर चल रहे हैं। अधिकतर बिजलीकर्मी दूसरे दिन बुधवार को भी सामूहिक छुट्टी लेकर हड़ताल पर रहे। इस कारण कई इलाकों में बिजली फॉल्ट पड़ने पर ठीक करने में लंबा समय लग गया। इस दौरान पीएसईबी इंप्लाइज ज्वाइंट फोरम, पंजाब बिजली मुलाजिम एकता मंच, एसोसिएशन ऑफ जूनियर इंजीनियर सीएचबी यूनियन, पीएसईबी इंप्लाइज फेडरेशन एटक, मिनिस्ट्रीयल यूनियन, टेक्निकल सर्विस यूनियन और पावरकॉम एंड ट्रांसको ठेका मुलाजिम यूनियन के बैनर तले मोहाली सर्कल की तीनों डिवीजनों के मुलाजिमों ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इन धरनों का मुख्य उद्देश्य पावरकॉम के मैनेजमेंट की ओर से पिछले समय में की गई सहमतियों को लागू करवाना है। पिछले महीने बिजली मंत्री की प्रधानगी में हुई मीटिंग के दौरान की सहमतियों को लागू नहीं किया जा रहा। तय हुआ था कि करंट लगने से मरे साथियों को एक करोड़ रुपये की मदद के साथ ही शहीद का दर्जा देने का फैसला हुआ था। इसके साथ ही आरटीएम के साथियों को तरक्की देने, वर्कचार्ज को सहायक लाइनमैन की तरक्की देने, खाली पोस्टों पर रेगुलर भर्ती करने समेत अन्य मांगें पूरी करने की मांगें थीं। प्रदर्शनकारियों में गुरप्रीत सिंह छीना, मोहन सिंह गिल, सुखिंदरपाल सिंह, हरप्रीत सिंह बटाला, रणजीत सिंह खरड़, जोरावर सिंह, राज कुमार, जय कृष्ण, हरप्रीत सिंह, स्वर्णजीत सिंह आदि ने सरकार और मैनेजमेंट को चेतावनी देते हुए काह कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो संघर्ष और तेज किया जाएगा।