मोहाली। भूमि रिकॉर्ड की सटीकता बढ़ाने, शहरी नियोजन का समर्थन करने, एसएएस नगर और अन्य चयनित शहरों में बुनियादी ढांचे के विकास में सुधार करने के लिए मोहाली में नक्शा परियोजना का शुभारंभ हो गया है। इसका शुभारंभ कार्यक्रम में सहायक आयुक्त मनप्रीत सिंह और जगजीत सिंह, भारतीय सर्वेक्षण विभाग के अधिकारी सर्वेक्षक शुभकरण मौजूद रहे।
नगर निगम मोहाली के आयुक्त टी बेनिथ ने बताया कि यह एक शहर सर्वेक्षण कार्यक्रम है, जो 26 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में एक साल का पायलट कार्यक्रम है। इसमें 152 शहर और 4142.63 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र शामिल है। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि यह पहल भूमि प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने, उचित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने और उन्नत भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी का उपयोग करके नियोजित शहरी विकास को सुविधाजनक बनाने में मदद करेगी। नगर निगम को ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग द्वारा राष्ट्रीय भू-स्थानिक ज्ञान-आधारित शहरी आवास भूमि सर्वेक्षण (नक्शा) परियोजना के तहत पंजाब के छह शहरों में शामिल किया गया है।