जीरकपुर। नगर परिषद की ओर से अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बावजूद इसके अवैध निर्माण करने वाले बाज नहीं आ रहे हैं। लेकिन सरकारी आदेश की बात करें तो नगर परिषद इस समय इतना सक्रिय है कि रविवार को छुट्टी के दिन भी इमारत सील करने की कार्रवाई की जा रही है।
चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर पूर्व विधायक एनके शर्मा के पुराने दफ्तर के ठीक पीछे एक अवैध रूप से बनाई जा रही दो मंजिला इमारत को सील कर दिया गया है। इस इमारत मालिक को नगर परिषद ने पिछले महीने एक नोटिस जारी कर काम बंद करने और पास नक्शा दिखाने के लिए बोला था। लेकिन उसने न निर्माण बंद किया और न ही पास नक्शा दिखाया। इस कारण नगर परिषद ने यह अवैध इमारत रविवार को सील कर फ्रंट पर लाल टेप लगा दी है और नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है।
पहले भी गिराए थे अवैध निर्माण
जानकारी के अनुसार दो दिन पहले नगर परिषद ने रविंद्रा एनक्लेव में सुखना चो के अतिक्रमण एरिया में बनाए गए दो अवैध निर्माणों को तोड़ दिया था और पिछले महीने वीआईपी रोड पर छह अवैध बिल्डिंगों को सील किया था। जो कि पिछले सरकारों में कभी नहीं हुआ। यह पहली बार हुआ है कि सरकार अवैध निर्माणकर्ताओं के खिलाफ सख्त है। बात यहीं खत्म नहीं होती, इन बिल्डिंगों के अलावा भी शहर में कई अवैध निर्माण अभी भी बिना डर और भ्रष्टाचार के चलते चल रहे हैं। जो नगर परिषद के कई अधिकारियों की सह पर चल रहे हैं। कई बिल्डिंगें ऐसी हैं कि जो नियमों को पूरा नहीं करती, लेकिन फिर भी उनके नक्शे पास हैं। इन सभी की जांच होनी चाहिए ताकि शहर में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ एक समान कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि इमारतें सील करने की कार्रवाई से लोगों की ओर से अधिकारियों को सराहना की जा रही है। लेकिन लोगों की ओर से सभी के खिलाफ एक समान जांच की मांग भी की जा रही है।