मोहाली। भोले भाले लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर चुकी स्टार फ्यूचर एजुकेशन एंड इमीग्रेशन सर्विसेज की प्रबंधक छवि शर्मा को मटौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने सूचना पर फेज-3बी1 से गिरफ्तार किया है। छवि शर्मा को मोहाली अदालत में पेश किया गया जहां अदालत ने उसे 22 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया। बता दें कि आरोपी छवि शर्मा पर मटौर थाने में पहले भी छह मामले दर्ज हैं। उसने सेक्टर-70 में स्टार फ्यूचर एजुकेशन एंड इमीग्रेशन सर्विसेज के नाम से कंपनी खोली हुई थी। उसकी सहकर्मी आरोपी नेहा शर्मा पहले ही पकड़ी जा चुकी है। वह रोपड़ जेल में बंद है। मटौर पुलिस ने स्पाउस वीजा पर कनाडा भेजने के नाम पर 15.75 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में छवि शर्मा पर मामला दर्ज किया था।
जिला संगरूर के गांव दयालगढ़ के रहने वाले गुरतेज सिंह ने एसएसपी मोहाली को 22 नवंबर को शिकायत दी थी। उन्होंने कहा था कि एक विज्ञापन के माध्यम से वह उक्त इमीग्रेशन कंपनी के संपर्क में आए। कंपनी प्रबंधक छवि शर्मा ने उन्हें सेक्टर-70 में अपनी कंपनी में बुलाया। उन्होंने कंपनी को अपनी बेटी सुमनप्रीत कौर और गुरसेवक सिंह निवासी गांव लोहा खेड़ा जिला संगरूर के साथ स्पाउस वीजा पर कनाडा भेजने के लिए कहा था। कंपनी प्रबंधक छवि शर्मा ने उन्हें भरोसा दिया कि वह कम समय में दोनों को वीजा ले देंगे जिसके बदले में उसने उससे 15.75 लाख रुपये ले लिए। बाद में उन्हें न तो वीजा मिला और न ही कंपनी ने पैसे वापस किए। उन्हें पता चला कि छवि शर्मा दफ्तर बंद करके फरार हो गई है। यह मामला जांच के लिए ईओ विंग के पास पहुंचा।