हाइड्रोलिक ट्रॉली की चेसिस के बीच फंसा व्यक्ति, मौत
डेराबस्सी। गांव निंबुआ में हाइड्रोलिक ट्रॉली और उसकी चेसिस के बीच फंसकर युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 51 वर्षीय सेवाराम पुत्र किशनलाल के रूप में हुई है। मुबारकपुर पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले का सेवाराम यहां के नजदीक गांव निंबुआ के शरवीर डेयरी फार्म में प्रबंधक था। डेयरी में चारा और गोबर के परिवहन के लिए जैक वाली ट्रॉली का उपयोग किया जाता है। जैक जाम होने के बाद बंद नहीं हो रहा था। ट्रॉली के ड्राइवर ने सूचना सेवाराम को दी। जिस पर वे दोनों इसको ठीक करने में जुट गए। ड्राइवर ट्रॉली के नीचे बैठ गया और सेवाराम ट्रॉली और चेसिस के बीच झुककर जैक के दबाव को कम करने की कोशिश कर रहा था। एकाएक प्रेशर तेजी से रिलीज हुआ और ट्रॉली हवा में उछाली गई और चेसिस उसके ऊपर जा गिरी। सेवाराम ट्राली और चेसिस के बीच आ गया। लोगों की मदद से उसे डेराबस्सी सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां उसको मृत घोषित कर दिया। संवाद