मोहाली। फेज-7 में दूध लेने आए व्यक्ति को बीच रास्ते में घेरकर मारपीट की गई। आरोपियों की पहचान कृष्णा और आकाश दोनों निवासी सेक्टर-52 चंडीगढ़ के रूप में हुई है। मटौर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गुरदीप सिंह की पत्नी नेहा वासी फेज-7 ने बताया कि करीब दो माह पहले 25 मई की शाम करीब छह बजे रोजाना की तरह उनके पति आवारा कुत्तों के लिए दूध-ब्रेड लेने गए थे। इसी दौरान आरोपी जो पहले से किसी प्रकार का नशा कर हुल्लड़बाजी कर रहे थे और एक लड़की के साथ छेड़छाड़ भी कर रहे थे। उस लड़की ने गुरदीप सिंह से मदद मांगी तो वह उन्हें समझाने लगे। लेकिन आरोपी नहीं समझे और गाली-गलौज करने लगे। जब उन्हें ऐसे करने से रोका तो आरोपियों ने उनके गले पर चाकू रख दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। चाकू से कई वार भी किए, लेकिन उनका बचाव हो गया। जब उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए, जिसके बाद अब आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।