मोहाली। मोहाली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर शनिवार रात ट्रेन से उतरकर बेंच पर सोए करीब 55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह काफी देर तक व्यक्ति को बेंच पर बेसुध पड़ा देखकर यात्रियों ने जीआरपी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सिविल अस्पताल फेज-6 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। जीआरपी चौकी प्रभारी सतनाम सिंह ने बताया कि मृतक के पास पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। उसने करीम रंग का कुर्ता-पायजामा पहना था और सिर पर काले रंग का परना बांधा हुआ था। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ अन्य माध्यमों से भी मृतक के परिजनों की तलाश कर रही है। जीआरपी ने लोगों से पहचान में मदद की अपील की है। 72 घंटे में परिजनों का पता नहीं चलने पर नियमानुसार अंतिम संस्कार करवाया जाएगा। पुलिस मौत के कारणों की भी जांच कर रही है।