खरड़। खरड़ बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल हुए भगवान दीन की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना 1 सितंबर को रात करीब 1 बजे हुई, जब भगवान दीन विनोद कुमार के साथ सड़क पार कर रहे थे। कुराली की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन कार की नंबर प्लेट वहीं गिर गई। गंभीर रूप से घायल भगवान दीन को पहले खरड़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। विनोद कुमार के बयान पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है।