जीरकपुर। जीरकपुर स्थित एक मॉल में ठेके पर काम करने वाले सिक्योरिटी गार्डों ने वेतन न मिलने पर प्रदर्शन किया। सिक्योरिटी गार्ड जय किशोर भारती, मोहित कुमार, दविंदर सिंह, बृज प्रकाश, आशीष शर्मा, गुरप्रीत सिंह, सतपाल सिंह, भगवानदास, मोनू कुमार, संजू, अंग्रेज सिंह, सुकन्या देवी, पिंकी देवी, गुड्डी देवी, तारा सिंह सहित अन्यों ने आरोप लगाया है कि लॉकडाउन व कर्फ्यू के दौरान मॉल की सुरक्षा में तैनाती के बावजूद उन्हें 3 महीने से वेतन नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान सिक्योरिटी गार्ड अपनी जान जोखिम में डालकर 3 महीनों से बिना छुट्टी लिए, वेतन न मिलने के बावजूद काम कर रहे हैं। सरकार द्वारा लॉकडाउन के दौरान लोगों को बड़ी राहत देने का दावा किया जा रहा था, लेकिन मॉल की सिक्योरिटी से ठेकेदार ने 3 महीने काम करवाने के बाद भी वेतन देने से किनारा कर लिया है। इस संबंधी डबल विजन सिक्योरिटी एजेंसी के इंचार्ज मुकेश चौहान से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी के बीते 6 महीने के बिल मॉल प्रबंधकों के पास पेंडिंग है, जबकि उनकी कंपनी ने इस दौरान सिक्योरिटी गार्डों को अपनी तरफ से पेमेंट दे दी है। प्रबंधकों को बिल क्लीयर करने के लिए बोल दिया गया है। बिल क्लीयर होते ही सिक्योरिटी गार्डों को वेतन दे दिया जाएगा।