लोगों का आरोप- निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का किया गया है इस्तेमाल
संवाद न्यूज एजेंसी
लालड़ू। करीब एक दशक से बदहाल मलकपुर-ज्योली लिंक रोड का निर्माण दो महीने पहले हुआ था। अब यह जगह-जगह से टूटना शुरू हो गई है। सड़क की खराब हालत को लेकर इलाके के लोगों में रोष है। उन्होंने पंजाब सरकार और पंजाब मंडी बोर्ड से मामले की जांच करवाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। इसी वजह से सड़क बनने के कुछ ही समय बाद इसकी ऊपरी परत उखड़ने लगी। सड़क की हालत खराब होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। लोगों ने कहा कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई, तो सड़क की स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने संबंधित विभाग से दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, अच्छी गुणवत्ता वाली सामग्री से सड़क की मरम्मत करवाने की भी मांग की गई है।
अधिकारी का बयान
पंजाब मंडी बोर्ड मोहाली के उप प्रभागीय अधिकारी भजनिंदरपाल सिंह से इस संबंध में संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि सड़क टूटने का मामला अभी उनके ध्यान में नहीं है। सिंह ने कहा कि यदि सड़क टूट गई है, तो बारिश का मौसम खत्म होने के बाद मरम्मत करवाई जाएगी। यह मरम्मत संबंधित ठेकेदार से ही करवाई जाएगी।