जीरकपुर की एक मार्केट में बुधवार सुबह करीब 4:15 बजे शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी थिनर पर गिरने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और महज 15 मिनट में मार्केट की सभी दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिला। इस हादसे में फर्नीचर, मशीनरी, कच्चा माल और अन्य सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक दुकानदारों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
थिनर के कारण तेजी से फैली आग, महंगी मशीनें भी जलीं
टीन शेड से बनी इस मार्केट में एक टेंट हाउस का गोदाम था, जबकि अन्य दुकानों में फर्नीचर और मॉड्यूलर किचन बनाने के कारखाने चल रहे थे। हादसे के समय बृजेश नाम का एक कारीगर नाइट ड्यूटी पर फर्नीचर तैयार कर रहा था। उसकी आंखों के सामने शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी थिनर पर गिरी और आग फैल गई। दुकानों में रखा तैयार फर्नीचर, कच्चा माल और महंगी मशीनरी पूरी तरह जल गई। मॉड्यूलर किचन बनाने में इस्तेमाल होने वाली करीब 25 लाख रुपये की एक मशीन भी आग की भेंट चढ़ गई। इसके अलावा करीब चार दोपहिया वाहन भी जलकर राख हो गए।
12 दमकल गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इनमें जीरकपुर, डेराबस्सी, मोहाली, पंचकूला और एयरफोर्स स्टेशन से बुलाई गई दमकल गाड़ियां शामिल थीं। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटनास्थल पर तीन से चार गैस सिलिंडर भी रखे हुए थे। गनीमत रही कि आग की चपेट में आने के बावजूद सिलेंडरों में विस्फोट नहीं हुआ। वहीं, साथ लगती दूसरी मार्केट की करीब 20 दुकानें आग की चपेट में आने से बच गईं। दोबारा आग सुलगने की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग की टीम आग बुझने के बाद भी मौके पर मौजूद रही।