मोहाली। आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में गिरफ्तार शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता एवं पूर्व मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई लेकिन आज भी उन्हें राहत नहीं मिली है। अदालत ने दोबारा फैसला सुरक्षित रखते हुए मामले की अगली तारीख 11 अगस्त तय की है। इससे पहले भी तीन बार मजीठिया की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा जा चुका है। मजीठिया की जमानत याचिका पर शुक्रवार को दोपहर बाद सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के वकीलों ने अपने-अपने तर्क रखे। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रखते हुए मामले की अगली सुनवाई 11 अगस्त को निर्धारित की है। इस संबंध में अकाली नेता बिक्रमजीत सिंह मजीठिया के वकील अर्शदीप कलेर ने कहा कि पंजाब सरकार मामले को लटकाने में जुटी हुई है। शिरोमणि अकाली दल के कानूनी सलाहकार एडवोकेट अर्शदीप सिंह ने कहा कि सरकार अपने दावों को साबित नहीं कर पा रही है। जानकारी के अनुसार बिक्रमजीत सिंह मजीठिया को विजिलेंस की टीम ने आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में उनके घर अमृतसर से गिरफ्तार किया था। इस समय बिक्रमजीत सिंह मजीठिया नाभा जेल में बंद हैं। उनकी बैरक बदलने की याचिका पर 12 अगस्त को सुनवाई होनी है।