जीरकपुर। बलटाना से पंचकूला सेक्टर-19 मार्ग पर रविवार सुबह एक महिंद्रा पिकअप ने ओवरहेड बैरियर को टक्कर मार दी। टक्कर से भारी-भरकम बैरियर बुरी तरह टेढ़ा होकर गिरने की कगार पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने गाड़ी रोककर पुलिस को सूचना दी और चालक को सौंप दिया। यह बैरियर नगर परिषद ने बलटाना मार्केट में भारी वाहनों को रोकने के लिए लगाया था। पिकअप वेरका कंपनी का सामान ले जा रही थी। उसकी नंबर प्लेट पर नंबर नहीं थे। पुलिस चौकी इंचार्ज मलकीत सिंह ने बताया कि महिंद्रा पिकअप और उसके चालक को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि नुकसान की भरपाई होने पर चालक को छोड़ने पर विचार होगा। स्थानीय लोगों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कार्रवाई और बैरियर की मरम्मत की मांग की है।