मोहाली। महाराजा रणजीत सिंह प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट ने एनडीए और अन्य सेवा प्रशिक्षण अकादमियों से स्नातक और रक्षा बलों में कमीशन प्राप्त करने वाले पूर्व कैडेट्स को अचीवर अवॉर्ड्स से सम्मानित किया। इस समारोह की अध्यक्षता संस्थापक डायरेक्टर व गवर्निंग बॉडी के मैंबर मेजर जनरल सेवा मुक्त बीएस ग्रेवाल ने की। इस अचीवर अवॉर्ड समारोह में एएफपीआई के 24 प्रतिष्ठित पूर्व कैडेट्स ने भाग लिया, जिनमें से आठ कैडेटों को हाल ही में मई/जून 2025 में भारतीय सशस्त्र बलों में कमीशन प्राप्त हुआ है।
मेजर जनरल ग्रेवाल ने कमीशन प्राप्त करने वाले कैडेटों को बधाई देते हुए कहा कि कि एमआरएसएफपीआई में उनका प्रशिक्षण उनके करियर के लिए लॉन्च पैड का काम करेगा। संस्थान के निदेशक मेजर जनरल अजय एच चौहान, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने संगठन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि अब तक संस्थान के 255 कैडेट एनडीए में शामिल हो चुके हैं और 178 कैडेट कमीशन प्राप्त अधिकारी के रूप में रक्षा सेवाओं में शामिल हुए हैं। उन्होंने आगे बताया कि 15 कैडेटों को एनडीए/समकक्ष प्रशिक्षण अकादमियों से ज्वॉइनिंग लेटर मिल चुके हैं तथा 11 अन्य कैडेट अपने ज्वॉइनिंग लेटर की प्रतीक्षा कर रहे हैं।