कुराली। शहर की कृष्णा मंडी में आयोजित रामलीला के आठवें दिन भगवान राम और लक्ष्मण की श्री हनुमान व सुग्रीव से भेंट, राम-शबरी संवाद और बाली-सुग्रीव युद्ध का मंचन किया गया। कमेटी प्रधान बिक्रम राठौर और गोपी राणा द्वारा शहरवासियों के सहयोग से आयोजित रामलीला का उद्घाटन भाजपा नेता रणजीत सिंह गिल, आप हलका इंचार्ज परमिंदर सिंह गोल्डी, नगर काउंसिल प्रधान बहादुर सिंह ओके और कांग्रेस हलका इंचार्ज विजय शर्मा टिंकू ने किया।
मंचन में माता सीता को रावण से बचाने के लिए जटायु के संघर्ष और घायल होने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। जटायु ने भगवान राम को माता सीता के बारे में बताया। इसके बाद हनुमान और सुग्रीव से राम-लक्ष्मण की मुलाकात तथा सुग्रीव की व्यथा सुनकर भगवान राम द्वारा उन्हें मित्र बनाने के प्रसंग ने दर्शकों को भावुक किया। बाद में बाली-सुग्रीव युद्ध और भगवान राम द्वारा बाली का वध कर सुग्रीव को किष्किंधा का राज्य सौंपने का दृश्य दिखाया गया। इस अवसर पर राकेश अग्रवाल, पार्षद अश्वनी कुमार, राणा गुरचरण सिंह, गुरशरण सिंह बिंदरखिया, कुलदीप सिंह ओइंद, विपन गुप्ता और हैप्पी वर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।