जीरकपुर। बलटाना मेन बाजार में सार्वजनिक रास्ते पर ताला लगाने का मामला तूल पकड़ गया है। दुकानदारों और स्थानीय निवासियों ने एकजुट होकर नगर परिषद जीरकपुर से इस बंद रास्ते को तत्काल खोलने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह रास्ता खुलने से शाम के समय लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। रोष जताने के लिए प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीच एक सोफा रख दिया। उनका कहना था कि यह सोफा नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी के लिए रखा गया है।
वे चाहते हैं कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति देखें और रास्ता खोलने के आदेश दें। स्थानीय निवासियों राजेश पांडे, मनोज कुमार झा, शुभम कुमार, बाबू भाई और गोपाल मिश्रा ने बताया। वार्ड नंबर-5 के अंतर्गत आने वाला यह मार्ग नगर परिषद के अधिकार क्षेत्र में है। नगर परिषद ने मेन बाजार के शोरूमों के पीछे से गुजरने वाली इस सड़क पर इंटरलॉकिंग टाइल्स भी लगाई हैं। आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले सड़क के एक सिरे पर बने गेट पर किसी व्यक्ति ने निजी ताला लगा दिया था। इससे आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बंद रास्ते पर गंदगी और कूड़ा भी जमा है।
अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले चार दिनों से लगातार यह मुद्दा उठाया जा रहा है। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी जनता की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि रास्ता जल्द नहीं खोला गया तो वे अपना संघर्ष तेज करेंगे।
नगर परिषद का जवाब
नगर परिषद जीरकपुर की ड्राफ्ट्समैन अधिकारी काजल ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें शिकायत मिली थी, जिसके बाद मौके का मुआयना किया गया है। आसपास के लोगों से गेट बंद करने का कारण पूछा गया है। इसकी रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी।