गांव शाहीमाजरा की है वारदात, पांच लोगों पर केस दर्ज, जाते हुए शराब की पेटी भी ले गए
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। शराब के ठेके पर सेल्समैन और उसे बचाने आए पांच लोगों की पांच व्यक्तियों ने पिटाई कर दी। सुरजीत सिंह की शिकायत पर फेज-1 पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान राजू निवासी डड्डूमाजरा (चंडीगढ़), पवन कुमार निवासी जुझार नगर और तीन अज्ञात लोगों के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता सुरजीत सिंह वासी रोपड़ ने बताया कि 25 जून की रात सवा ग्यारह बजे उसे पता चला कि स्पाइस चौक गांव शाहीमाजरा में शराब के ठेके पर उक्त आरोपी झगड़ा कर रहे थे। इसके बाद वह और राजविंदर सिंह उर्फ संता सिंह वासी जिला फरीदकोट और जतिंदर सिंह, सुखविंदर सिंह और रोहित कुमार सभी हाल वासी मोहाली कार से वहां पहुंच गए। वहां पहुंचने पर देखा कि आरोपियों ने शराब पी हुई थी और वह ठेके के अंदर घुसकर सेल्समैन के साथ मारपीट कर रहे थे। उन्होंने जब ऐसा करने से रोका तो उक्त आरोपियों ने उनके साथ भी लड़ाई-झगड़ा शुरू कर दिया और बेसबॉल बैट और रॉड के साथ उनकी पिटाई करनी शुरू कर दी। जब उन्होंने शोर मचाया तो उक्त आरोपी जान से मारने की धमकियां दी और वहां से भाग गए और जाते वक्त उनकी कार से शराब की पेटी भी उठा कर ले गए। हमले में पीड़ित के सिर में पांच टांके लगे हैं। पुलिस अभी आरोपियों की तलाश कर रही है।
महंगे दाम पर शराब बेचने पर शुरू हुआ झगड़ा
सूत्रों के मुताबिक शराब के ठेके पर महंगे दाम पर शराब बेची जा रही थी। इस बात को लेकर आरोपियों की पहले सेल्समैन के साथ बहस हुई और बाद में मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी जिसमें कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।