मोहाली। लाइसेंस और आरसी से जुड़ी सेवाओं को सेवा केंद्र में शुरू करने के फैसले से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इन सेंटरों में सॉफ्टवेयर से संबंधित तकनीकी खामियों के कारण नई आरसी की फाइलें जमा नहीं हो पा रही हैं। मोहाली स्थित आरटीए कार्यालय के अनुसार जब से यह काम सेवा केंद्र को सौंपा गया है, तभी से सिस्टम में लगातार दिक्कतें आ रही हैं। लोगों को अपनी फाइलें जमा करवाने के लिए बार-बार सेंटर के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में सर्वर या सॉफ्टवेयर एरर के कारण काम नहीं हो पा रहा। लोगों का कहना है कि पहले यह कार्य आरटीए दफ्तर में सुचारू रूप से होता था, लेकिन अब प्रक्रिया लंबी और मुश्किल हो गई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सिस्टम को दुरुस्त किया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके। फेज-2 निवासी नितेश विज ने बताया कि उन्होंने एक्टिवा स्कूटर चंडीगढ़ से खरीदा था। उस पर मोहाली का नंबर लेने के लिए वह सेवा केंद्र फाइल लेकर गए। उनकी फाइल जमा नहीं हो सकी। सेवा केंद्र में तैनात कर्मचारी ने उनको बताया कि साफ्टवेयर संबंधी दिक्कत है इसलिए उनको लौटना पड़ा। पंजाब सरकार ने जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ड्राइविंग लाइसेंस और आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) से संबंधित कुल 56 सेवाओं को अब सेवा केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है।
अभी सेवा केंद्र में सर्विस शुरू नहीं हुई है। उनकी कोशिश है कि आने वाले एक दो दिनों में केंद्रों पर काम शुरू हो जाएगा। - राजपाल सिंह सेखों, आरटीए