जीरकपुर। बलटाना के रविंद्रा एनक्लेव फेज-1 में 27 अप्रैल को सामने आई चोरी की वारदात ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है। मकान नंबर 33 को निशाना बनाते हुए चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर में घुसकर लाखों रुपये के गहने और नगदी चोरी कर ली।
जानकारी के मुताबिक, चोर रात करीब 3 बजे घर में दाखिल हुए। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले मुख्य गेट और दरवाजे का ताला तोड़ा, जिसके बाद वे अंदर प्रवेश कर गए। उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाते हुए चोर करीब एक घंटे तक बेखौफ होकर घर के हर कोने को खंगालते रहे।
पीड़ित तरसेम लाल ने बताया कि वह अपनी बेटी के पास एयरोसिटी गए हुए थे। सुबह जब उनका बेटा घर पहुंचा तो उसने देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर का दृश्य देखकर वह हैरान रह गया। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था, जिसमें रखा सारा कीमती सामान गायब था।
तरसेम लाल के अनुसार, घर से करीब 10 लाख रुपये के गहने और नगदी चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि दो महीने पहले ही उनके बेटे की शादी हुई थी और शादी में मिले ज्यादातर गहने अलमारी में रखे हुए थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए।
घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं।