लालड़ू। कस्बे के सरदारपुर कॉलोनी में एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी कर रहे युवकों में से एक को मकान मालिक और उसके बेटे ने रंगेहाथों दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि उसके दो साथी दीवार फांदकर फरार हो गए। फरार हुए चोर 75 हजार की नकदी, सोने की पांच अंगुठियां और गहने भी ले गए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान गोलू उर्फ बिट्टू और उसके फरार साथी सुमित निवासी हरी पैलेस, अंबाला शहर के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को शिकायत में बहादुर सिंह निवासी वार्ड नंबर-4 सरदारपुर कॉलोनी ने बताया कि वह पांच जनवरी की शाम घर को ताला लगाकर बेटे दविंदर सिंह के साथ बाहर खाना खाने गया था। जब वह रात करीब नौ बजे लौटे तो देखा कि उसके घर के दरवाजे का ताला टूटा था और अंदर दो युवक घरेलू सामान की तलाशी ले रहे थे। उनको देखकर दो युवक गैलरी की दीवार फांदकर फरार हो गए। दूसरे युवक को उनके बेटे ने काबू करने की कोशिश की जो घर की दीवार और लोहे के गेट के साथ टकरा गया। इसके बाद उसे जख्मी हालत में काबू कर लिया। अंदर सामान चेक किया जो 75 हजार 500 रुपये, पांच सोने की अंगूठियां और अन्य गहनों के अलावा कीमती सामान गायब था। उन्होंने काबू किए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार गोलू को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। उसने बताया कि वे दो नहीं बल्कि तीन लोग थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।