मोहाली। पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलबीर सिंह सिद्धू ने मोहाली में कूड़ा निस्तारण के लिए जमीन की कमी पर चिंता जताते हुए सरकार पर सवाल उठाया है। उन्होंने मांग की है कि सरकार जल्द लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए जमीन आवंटित करे। सिद्धू ने कहा मोहाली नियोजित शहर है, बावजूद इसके पर्यावरण स्वच्छता और सुरक्षा के लिए शहर में कोई स्थायी डंपिंग ग्राउंड नहीं है। शहर में अलग-अलग जगहों पर कूड़ा डालने के लिए जो पॉइंट पहले बनाए गए थे, वे अब ओवरफ्लो हो रहे हैं और इस कारण मोहाली के लोगों को परेशानी पेश आ रही है। सिद्धू ने कहा चंडीगढ़ और कई अन्य बड़े शहरों में कूड़ा प्रबंधन के लिए डंपिंग ग्राउंड और प्रोसेसिंग यूनिट उपलब्ध हैं, लेकिन सरकार ने मोहाली में अभी तक इसके लिए कोई व्यवस्था नहीं की है। सिद्धू ने आप सरकार से मांग की कि मोहाली में 20-25 एकड़ भूमि अधिग्रहण करके जल्द से जल्द डंपिंग प्लांट बनाया जाए।