जीरकपुर। हरमिलाप नगर रेलवे फाटक पर अंडरब्रिज बनाने के लिए वर्षों से लोग मांग करते आ रहे हैं। रेलवे और चंडीगढ़ प्रशासन ने अंडरब्रिज बनाने के लिए भूमि अधिग्रहण करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में 9 सितंबर 2025 को सेक्शन-11 खत्म हो चुका था। वीरवार को धारा-11 की उपधारा (1) के अंतर्गत अधिसूचित किसी भी भूमि में रुचि रखने वाले लोगों से एतराज मांगे थे, लेकिन किसी ने भी कोई एतराज दर्ज नहीं करवाया। भूमि अधिग्रहण अधिकारी चंडीगढ़ के अनुसार 18 सितंबर 2024 को जारी टाइम टेबल के अनुसार सेक्शन-15 की कार्रवाई भी मुकम्मल हो चुकी है।
अब आरयूबी 123 के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आखिरी चरणों में पहुंच चुकी है। जल्द ही सेक्शन-16 की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। रेलवे फाटक हटाओ अंडर पास बनाओ संघर्ष कमेटी आरयूबी 123 (संधू एवं समस्त टीम) के प्रवक्ता गुरबिंदर सिंह संधू के अनुसार कुछ दिन पहले जमीन अधिग्रहण अधिकारी ने अपने विभाग को सेक्शन-11 और 12 के बाद के सेक्शनों की एडवांस प्रोसिडींग तैयार करने को कहा था। इस दौरान किसी भी जमीन मालिक/ स्टेक होल्डर द्वारा कोई भी ऐतराज दर्ज नही करवाया।
भूमि अधिग्रहण के लिए आगे होने वाली कार्रवाई
सेक्शन-16 के अंतर्गत प्रशासक द्वारा पुनर्वास एवं स्थापना योजना तैयार करना-जन सुनवाई।
सेक्शन-17 के अंतर्गत पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन योजना की समीक्षा।
सेक्शन-20 के अंतर्गत भूमि चिह्नित करना, मापन और नियोजन, जिसमें विशिष्ट क्षेत्र का चिह्नांकन भी शामिल है।
सेक्शन-21 के अंतर्गत मापन के संबंध में आपत्तियों के लिए इच्छुक व्यक्ति को सूचना।
सेक्शन-23 के अंतर्गत कलेक्टर द्वारा जांच और भूमि अधिग्रहण अधिनिर्णय।
रेलवे फाटक हटाओ-अंडरपास बनाओ संघर्ष कमेटी आरयूबी 123 के प्रवक्ता गुरबिंदर सिंह संधू ने कहा कि उक्त जो भी कार्रवाई बकाया रहती है, उनमें से एक दो को छोड़कर सभी विभागीय चरण हैं। उनको जल्द ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण अधिकारी द्वारा जारी टाइम टेबल के अनुसार यह सारी कार्यवाही के लिए दो से तीन महीने का समय लग सकता है। इसमें से ज्यादातर विभागीय कार्यवाही होने के कारण यह काम और भी जल्दी होने की संभावना जताई है।