जीरकपुर। बलटाना मार्केट में मंगलवार की रात एक मोबाइल की दुकान से चोरों ने लाखों रुपये के मोबाइल फोन, डेढ़ लाख की नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। शिकायतकर्ता गोयल इलेक्ट्रो प्वाइंट के मालिक सुमित ने बताया कि उसके शोरूम से लाखों रुपये की कीमत के मोबाइल फोन चोरी हुए हैं। इसके अलावा डेढ़ लाख रुपये नकद भी गायब हैं। चोर यहां से एलसीडी और फ्रिज भी ले गए हैं। चोरी की वारदात मोबाइल फोन की दुकान के पास वाली दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। रात करीब 2.30 बजे चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए मोटरसाइकिल पर आए चोरों ने दुकान के ताले तोड़ने के बाद अंदर घुसे और एक घंटे में दुकान का सारा सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर अपने साथ एक रेहड़ी लेकर आए थे जिसमें चोरी का सामान रखकर वहां से फरार हो गए। चोर यहां से सामान ले जाने के लिए आते-जाते रहे और चार बार दुकान में घुसे। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक चोर सुबह करीब 4 बजे तक दुकान के पास घूमते नजर आए। दुकानदार द्वारा इसकी शिकायत बलटाना चौकी में दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।