15 अक्तूबर को लालड़ू, डेराबस्सी और जीरकपुर के व्यापारियों से बाजार बंद रखने की अपील
लालड़ू। भारतीय किसान यूनियन लखोवाल के डेराबस्सी ब्लॉक की बैठक बुधवार को दप्पर स्थित यूनियन कार्यालय में ब्लॉक प्रधान रणजीत सिंह राणा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मानसा में परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले और 15 अक्तूबर को पंजाब बंद के आह्वान को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक की शुरुआत में यूनियन सदस्यों ने परमिंदर सिंह झोटा को श्रद्धांजलि दी।
रणजीत सिंह राणा ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है और इसके लिए भगवंत मान सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि यूनियन परमिंदर सिंह झोटा के परिवार के साथ खड़ी है और पंजाब बंद के आह्वान का पूर्ण समर्थन करती है। उन्होंने लालड़ू, डेराबस्सी और जीरकपुर के दुकानदारों व व्यापारियों से 15 अक्तूबर को अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर बंद को सफल बनाने की अपील की।
यूनियन नेता गुरप्रीत सिंह जस्तना ने कहा कि भगवंत मान सरकार का नारा ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ नहीं, बल्कि ‘युद्ध लोगों के विरुद्ध’ बनकर रह गया है। उन्होंने नशे के मुद्दे पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
बैठक में जथेदार जगतार सिंह झरमड़ी, शेर सिंह, सचिव परमजीत सिंह, हरपाल सिंह सहित अन्य किसान नेता मौजूद रहे।