कुराली। एक युवक की ईरान में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसके परिवार ने इस मामले की केंद्र सरकार से जांच करवाने की मांग की है। इस मामले में मृतक युवक के पिता गुरजीत सिंह ने बताया कि उनका 21 वर्षीय बेटा जसकरण सिंह पढ़ाई करने के बाद नौकरी करने के लिए दुबई गया था। वहां पर दुबई में वह किसी कंपनी का सीमेंट समुद्री जहाज के जरिये ईरान में पहुंचाने का काम करता था। यहां से दुबई गए हुए उसको एक साल का समय हो गया था और कंपनी की ओर से उसका वेतन नहीं देने के कारण वह वहां पर परेशान चल रहा था। उन्होंने बताया कि उसके साथ रहने वाले ईरान के एक व्यक्ति ने फोन पर जसकरण सिंह की मौत की जानकारी दी और बताया कि उनके बेटे की अचानक चोट लगने के कारण मौत हो गई है। गुरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें शक है कि कंपनी के प्रबंधकों ने उसका वेतन भी नहीं दिया था और उन्होंने ही उनके बेटे जसकरण सिंह की हत्या कर दी है। उन्होंने केंद्र सरकार से जसकरण सिंह की मौत के मामले की जांच करवाने और उसका शव उनके पास भारत में पहुंचाने के लिए प्रबंध करने की मांग की है।