खरड़। खरड़ के किला कॉम्पलेक्स के पास चौराहा होने के कारण रोजाना यातायात जाम की समस्या बनी रहती है। जाम कई बार दो किलोमीटर तक लंबा हो जाता है और वाहन चालकों को इसे पार करने में दस मिनट से अधिक का समय लग जाता है। चौराहा जंडपुर और मुख्य शहर को जोड़ता है, लेकिन यहां न तो ट्रैफिक पुलिस तैनात है और न ही ट्रैफिक लाइटें लगी हैं। सुबह और शाम स्कूल व ऑफिस के समय हालात और गंभीर हो जाते हैं। वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि यहां ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए स्थाई कर्मचारी तैनात किए जाएं।