मोहाली। नेहरू युवा केंद्र की ओर से सेक्टर 81 स्थित आईआईएसईआर संस्थान में शनिवार से छह दिवसीय ‘कश्मीरी यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम’ का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में कश्मीर घाटी के 6 चयनित जिलों (अनंतनाग, कुपवाड़ा, बारामूला, बडगाम, श्रीनगर और पुलवामा) के 18-22 वर्ष के 120 कश्मीरी युवा, 12 टीम लीडरों के साथ मेजबान राज्य की संस्कृति और विरासत के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। प्रतिनिधि मंडल को पंजाब विधानसभा, चप्पड़चिड़ी, छतबीर चिड़ियाघर, सुखना झील, रॉक गार्डन, रोज गार्डन आदि का दौरा करवाया जाएगा। साथ ही ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों में भी यह दल भाग लेगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से कश्मीरी युवाओं को तकनीकी और औद्योगिक उन्नति में अवसर प्रदान करने के लिए देश के विभिन्न राज्यों में विभिन्न विकास गतिविधियों, कौशल विकास, शैक्षिक और रोजगार के अवसरों की उपलब्धता पर जोर दिया जाएगा।