नयागांव। नयागांव के कांसल स्थित गुरुद्वारा साहिब से गुटका साहिब ले जाने की घटना पर लोकहित मिशन ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। कुछ दिन पहले एक प्रवासी महिला गुरुद्वारा से गुटका साहिब अपने साथ ले गई थी। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने महिला को पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने गुटका साहिब बरामद कर ऊंचे स्थान पर रखा। पुलिस के अनुसार, महिला के मानसिक स्वास्थ्य की जांच के लिए मेडिकल परीक्षण हो रहे हैं। लोकहित मिशन के प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी से मिलकर मामले के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने पुलिस से घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की। नगर परिषद की उप-प्रधान तरनजीत कौर बेंस ने भी घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।