मोहाली। सेक्टर 66 स्थित जुबली वॉक मॉल के पीछे बनाई गई कथित तौर पर गलत बैक-साइड एंट्रियों ने आसपास के रिहायशी इलाके के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार सुबह स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई।
लोगों का कहना है कि मॉल से जुड़े डिलीवरी वाहन, कैब और अन्य ट्रैफिक अब रिहायशी गलियों से होकर गुजर रहा है, जिससे रोजाना जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इस दौरान मौके पर पहुंचे डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि गलत योजना और बिना सोचे-समझे बनाई गई एंट्रियों का खामियाजा अब स्थानीय लोग भुगत रहे हैं। लोगों के घरों के बाहर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। आपात स्थिति में भी रास्ता मिलना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने बताया कि इलाके के काउंसलर मास्टर चरण सिंह ने उन्हें विशेष तौर पर समस्याएं दिखाने के लिए बुलाया था। निवासियों ने बताया कि मॉल के पीछे स्थित मकानों की एंट्री मॉल की तरफ खुलती है, जिससे निजी और व्यावसायिक ट्रैफिक आपस में घुलमिल गया है। इसके अलावा क्षेत्र में गंदगी और सीवरेज की समस्या भी गंभीर होती जा रही है।
आरोप है कि कुछ कमर्शियल इकाइयां गंदा पानी गलत तरीके से बाहर निकाल रही हैं, जिससे बदबू फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। डिप्टी मेयर बेदी ने सिविल प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और पब्लिक हेल्थ विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश देने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर संघर्ष किया जाएगा।