मोहाली। सेक्टर-66 स्थित शिव शक्ति मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया और हथियारों सहित मंदिर के अंदर घुसकर ताले काटकर मंदिर का गल्ला, गहने और पीतल-तांबे का सामान लेकर वहां से फरार हो गए। इस दौरान चोर मंदिर से चोरी किया गया गल्ला मंदिर से कुछ ही दूरी पर खाली करके फेंक गए। मंदिर कमेटी के सदस्यों ने इसकी शिकायत पुलिस को दे दी है। हालांकि चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंधी मंदिर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि मंदिर में चोरी का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी चोर इस मंदिर को चार बार निशाना बना चुके हैं। जबकि इस साल मंदिर में दूसरी बार चोरी हुई है। सीसीटीवी कैमरे में नजर आ रहा है कि चोरों के पास हथियार भी थे। दोनों चोरों ने शनिवार रात करीब 11 बजे इस वारदात को अंजाम दिया है। मंदिर कमेटी के प्रधान सुरिंदर रावत ने बताया कि चोर पूरी प्लानिंग से आए थे। उन्होंने पहले शनि मंदिर का ताला काटा और वहां से गल्ला उठाकर ले गए। इसके बाद उन्होंने मंदिर को निशाना बनाया।