लांडरां/बनूड़। गांव अबरावां में एक घर का ताला तोड़कर लाखों के सोने के गहने और 18 हजार रुपये की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। इस दौरान महिला अपनी दो बीमार बेटियों को दवा दिलाने गई थी। चोर दीवार फांदकर घर में घुसे थे। सूचना मिलने पर बनूड़ थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पूर्व सैनिक गुरविंदर सिंह की विधवा जसविंदर कौर ने बताया कि मंगलवार को वह करीब 12 बजे अपनी दो बेटियों को दवा दिलाने गई थी। जब वह करीब साढ़े तीन बजे घर पहुंची, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था। जब वह अंदर गई तो अलमारियों का सारा सामान बाहर बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने बताया कि अलमारी में रखी साढ़े तीन तौले की सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी टॉप्स और बच्चों की स्कूल फीस भरने के लिए रखे 18 हजार रुपये गायब थे।
उन्होंने बताया कि चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और इस वारदात को अंजाम दिया। जसविंदर कौर का कहना है कि वह पेंशन से ही अपना परिवार चलाती है। मौके पर पहुंचे गांव के सरपंच गुरचरण सिंह अबरावां ने पुलिस से मांग की है कि इस घटना को अंजाम देने वाले दोषियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।