जीरकपुर। नगर परिषद की टीम की ओर से रविवार को अवकाश वाले दिन भी गांव छत में अवैध काॅलोनी में बनाए जा रहे तीन मकानों की दीवारों पर जेसीबी चला दी। प्रशासन की इस कार्रवाई से सोसाइटी में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया है, क्योंकि उनके घर भी इसी सोसाइटी में बने हुए हैं। लोग यहां पिछले 20 साल से रह रहे हैं। सोसाइटी निवासियों ने कार्रवाई करने आई टीम का विरोध किया।विरोध करते हुए लोगों ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वह सोमवार को हलका विधायक से मिलने जा रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि उनकी सोसाइटी में 100 से ज्यादा मकान बने हुए हैं, जिसे 20 वर्ष से ज्यादा का समय हो चुका है। यहां तक कि काॅलोनी में सरकार द्वारा बिजली, पानी के कनेक्शन दिए हुए हैं और उनकी सोसाइटी में नगर परिषद द्वारा टाइल्स व स्ट्रीट लाइट्स भी लगाई हुई हैं। इसके अलावा नगर परिषद द्वारा उनके प्रॉपर्टी टैक्स के नंबर भी लगाए गए हैं। जिसकी उनके द्वारा फीस भरी गई है। जिसकी रसीदें उनके पास मौजूद हैं।
बिना नोटिस दिए कार्रवाई करने के आरोप:
सोसाइटी के लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर परिषद द्वारा कोई भी नोटिस नही दिया गया और बिना बताए उन पर कार्रवाई की गई है। लोगों ने कहा की सोसाइटी में 500 से 600 लोग रहते हैं और प्रशासन द्वारा की जा रही धक्केशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में उनको नगर परिषद का विरोध करना पड़ा तो वह उनके दफ्तर का घेराव भी करेंगे और विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा।
कोट्स:
छत गांव में अवैध तरीके से निर्माण करने की शिकायत मिली थी। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। नए बनाए जा रहे तीन मकानों को तोड़ा गया है। टीम द्वारा फिलहाल किसी भी पुराने मकान को नही तोड़ा जा रहा है। फिलहाल नए मकानों को ही तोड़ा जा रहा है। सोसाइटी के लोगों द्वारा अपने कागजात दिखाने के लिए कुछ समय मांग है। बिना नक्शे के किए जा रहे निर्माण के कारण विभाग का माली नुकसान हो रहा है जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। -सुखविंदर सिंह, एसडीओ नगर परिषद जीरकपुर।