मोहाली। मनीमाजरा निवासी जसप्रीत उर्फ बिल्ला की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए परगट सिंह से पूछताछ के बाद पुलिस ने कर्मजीत सिंह उर्फ लक्की निवासी जलालपुर जिला पटियाला और सतवंत सिंह उर्फ बिल्ला निवासी शादीपुर पटियाला को गिरफ्तार किया है। यह दोनों आरोपी परगट सिंह द्वारा लोगों से छीनी गई गाडियां खरीदते थे। उनके पास एसयूवी किस्म की लग्जरी कारें बरामद हुई हैं। एसएसपी सतिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक परगट सिंह को पुलिस ने गुड़गांव से काबू किया था। उससे पूछताछ में सामने आया था कि लवप्रीत सिंह उर्फ लव और नवदीप सिंह उर्फ बिल्ला मिलकर गाडियां चुराते थे। इनका एक साथी रणजीत सिंह निवासी पटियाला भी शामिल है। वह चोरी की गाड़ियों के चैस्सी और इंजन नंबर टेंपर करता है। इतना ही नहीं जांच में सामने आया है कि लवप्रीत सिंह उर्फ लव जसप्रीत हत्याकांड में भी आरोपी है। लवप्रीत सिंह, नवदीप सिंह और रणजीत सिंह अभी फरार हैं। आरोपियों पर सोहाना थाने में हत्या और लूट का मामला दर्ज है।
बता दें कि परगट सिंह और लवप्रीत सिंह ने अन्य साथियों के साथ मिलकर 96 दिसंबर 2020 को चंडीगढ़ के सेक्टर-23 में टेस्टिंग लैब में सोना और नकदी लूटने की कोशिश की थी। इस दौरान लैब में हाथापाई होने के बाद गोली चल गई थी। जिसमें संजय कुमार नाम का व्यक्ति जख्मी हो गया था। उसके बाद आरोपी फरार हो गए थे। लवप्रीत व परगट सिंह ने अपने तीसरे साथी जसप्रीत की मोहाली में हत्या कर दी थी। क्योंकि जसप्रीत को लैब वाले जानते थे और उन्होंने जसप्रीत को देख लिया था।
यह कारें की गईं बरामद
परगट सिंह की निशानेही पर पुलिस ने तीन फॉर्रच्यूनर कार, दो स्विफ्ट कार, दो वरना, एक इंडेवर, एक ब्रिजा और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद किया है। आरोपियों ने एक गाड़ी सेक्टर-82 मोहाली, एक गाड़ी दिल्ली और एक आगरा से लूटी थी। जबकि बाकी वाहन पर जाली चैसी नंबर टेंपर किए गए थे। इस बारे में जांच की जा रही है।