मोहाली। फेज-4 स्थित सनातन धर्म मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत धूमधाम और श्रद्धा-भाव से मनाया गया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों का आना शुरू हो गया था। देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। इस दौरान मंदिर को फूलों और रंगीन झालरों से सजाया गया था, कृष्ण और राधा की झांकियों ने बच्चों और बड़ों का मन मोह लिया। शाम को आयोजित भजन संध्या में मशहूर गायक चंचल ने भजनों की प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। गोपाल, गोकुल के लाल और श्याम तेरी बंसी पुकारे जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। रात 12 बजे जैसे ही जन्मोत्सव का समय हुआ, पूरे परिसर में ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे गूंज उठे। शंखनाद और घंटियों की ध्वनि के बीच भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण को झूला झुलाया और आरती उतारी। मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं के लिए दूध का भंडारा लगाया। इसके अलावा बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से प्रसाद के पैकेट और ठंडे शरबत की व्यवस्था भी की गई। मंदिर कमेटी के प्रधान देसराज गुप्ता, राज कुमार शर्मा, सतीश पिपट, राज कुमार कालिया, राकेश गुप्ता और अंशुल बंसल सहित पूरी टीम लगातार व्यवस्थाओं में लगी रही।