मोहाली। पंजाब सरकार मोहाली के सेक्टर-68 में जेल विभाग का मुख्यालय ‘जेल भवन’ बनाएगी। पंजाब के जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने शुक्रवार को इसका नींव का पत्थर रखा। भुल्लर ने बताया कि मुख्यालय भवन 35 करोड़ रुपये की लागत से दो वर्षों में तैयार किया जाएगा। इसकी समय सीमा अप्रैल 2027 निर्धारित की गई है, परंतु ठेकेदार को कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस भवन में एक बेसमेंट और पांच मंजिलें होंगी।
एस्केलेटर, अग्निशमन, अलार्म सिस्टम, लिफ्टें, स्थानीय नेटवर्क प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि यह ‘जेल भवन’ न केवल विभाग के लिए केंद्रीकृत नीति निर्धारण में सहायक होगा, बल्कि नवीनतम तकनीकों और कार्यशैली को अपनाने में भी सहायक सिद्ध होगा। इस नए मुख्यालय का निर्माण वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप शुरू कर दिया गया है। जेल मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब की जेल प्रणाली में बड़े सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार जहां राज्य की सभी जेलों को अत्याधुनिक उपकरणों और सुविधाओं से सुसज्जित कर रही है, वहीं जेल विभाग का पृथक मुख्यालय भी निर्मित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेल विभाग आधुनिकता और प्रशासनिक दक्षता की ओर अग्रसर है।
जिला मोहाली के पास नहीं है अपनी कोई जेल
मोहाली को जिला बने करीब 19 साल हो गए हैं। अभी तक मोहाली के पास अपनी जेल नहीं है। साल 2019 में मोहाली जिले में जेल बनाने को लेकर एक प्रस्ताव तैयार किया गया था। वह प्रस्ताव कहां है, किसी को नहीं पता। जिले मोहाली में पकड़े जाने वाले आरोपियों को कोर्ट में पेशी के बाद पटियाला, रोपड़ और अन्य जिलों में भेजा जाता है। इससे काफी समय बर्बाद होता है। इस चक्कर में पुलिस को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कैदियों को दूसरे जिलों से पेशी पर आना पड़ता है। इतना ही नहीं कई बार कोई बड़ा समागम या वीआईपी मूवमेंट होती है तो कैदियों की पेशी आदि काम बीच में ही रह जाता है। ऐसे में कई बार जिले में जेल बनाने की मांग उठ चुकी है। जिसके बाद अब यह प्लानिंग बनाई गई है। हालांकि सेक्टर-76 में प्रबंधकीय कांप्लेक्स में एसएसपी दफ्तर है। इसके अलावा पुलिस से जुड़े कई कार्यालय उसी बिल्डिंग से चल रहे हैं।