जीरकपुर। शहर में फर्जी कॉल सेंटर बनाकर अमेरिकी नागरिकों को ठगने वाला गिरोह बेहद बेहद शातिराना तरीके से काम कर रहा था। इस गिरोह का पूरा प्लान स्क्रिप्टेड था। गिरोह के संचालकों ने अपनी टीम में कुछ विदेशियों को भी शामिल किया था ताकि वह विदेशी लोगों को उनकी भाषा में बात कर आसानी से अपने जाल में फंसा सकें। पकड़े गए 21 आरोपियों में चार अफ्रीकी मूल के नागरिक भी हैं। खास बात यह है कि इन सभी के वीजा एक्सपायर हो चुके हैं और ये अवैध रूप से भारत में रुके हुए थे। ठगी के लिए यह गिरोह एक्सलाइट नामक विशेष साफ्टवेयर का प्रयोग कर रहा था।एसपी इनवेस्टिगेशन ज्योति यादव ने ये बातें मोहाली में बुधवार को आयोजित एक प्रेसवार्ता में दीं। उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्य अमेरिकी लोगों कॉल करते थे और कहते थे कि आपका पार्सल मैक्सिको में मिला है, यदि पार्सल आपका नहीं है तो दिए गए लिंक को क्लिक कर अपनी सहमति दे दें। जैसे ही व्यक्ति लिंक को क्लिक करता था आरोपी उसका फोन हैक कर उसके बैंक अकाउंट को खाली कर देते थे। इसके साथ ही कई बार गिरोह के सदस्य किसी नामी कंपनी के रिप्रेजेंटेटिव बनकर सर्विस प्रोवाइडर बनकर लिंक शेयर कर फोन हैक कर लेते थे। गिरोह के सदस्य यूआरएल के माध्यम से भी लोगों का फौन हैक करते थे। इनकी सारी ट्रांजेक्शन बिटकॉइन के माध्यम से हो रही थी।
एसपी ने बताया कि जीरकपुर में पकड़े गए फर्जी कॉल सेंटर से पुलिस को कुछ स्क्रिप्ट भी मिलीं हैं, जिसमें नामी कंपनियों के नाम हैं और ये जानकारी है कि सामने वाले से कैसे बात करनी है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए गिरोह के 21 सदस्य तीन दिन के रिमांड पर हैं जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। अब तक यह नहीं पता चल सका है कि इनमें से सरगना कौन है। ज्योति यादव ने बताया कि इन सभी की पहचान की जा चुकी है और जो विदेशी हैं उनके ऊपर उसी के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पुलिस ने बीते मंगलवार को जीरकपुर में छापा मारकर इस गिरोह का पर्दाफाश किया था। मौके से 21 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। छापेमारी के दौरान पकड़े गए चार आरोपियों की पहचान मोहम्मद नदीम कुरैशी निवासी जगमालपुरा रोड मोहल्ला इस्लामपुर वार्ड नंबर 49, सीकर (राजस्थान), तौसीफ अहमद जाटू निवासी मोहल्ला खुखरान वार्ड नंबर 40 थाना कोतवाली सीकर (राजस्थान), आकाश बिष्ट निवासी मोहल्ला इंदिरा कॉलोनी, थाना कोतवाली देहरादून (उत्तराखंड) और उमर जेफरी निवासी सूडान के रूप में हुई है।
बॉक्स
इस तरह पकड़े गए आरोपी
एसएचओ थाना जीरकपुर जसकंवल सिंह सेखों ने बताया की उनकी टीम शहर में गश्त कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली वीआईपी रोड स्थित विजय अपार्टमेंट के मकान नंबर-15 फ्रेंड्स एन्क्लेव, फ्लैट-नंबर 605 बी जैस्मीन टॉवर त्रिशला सिटी, फ्लैट नंबर-402 पहली मंजिल विजय अपार्टमेंट वीआईपी रोड और फ्लैट नंबर 56 सी सनसाइन एन्क्लेव में कुछ लोग ठगी का कॉल सेंटर चला रहे हैं। आरोपियों में कुछ महिलाएं भी हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर इन सभी ठिकानों पर छापा मारा और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।