खरड़। खरड़-मोहाली हाईवे पर देसूमाजरा के पास पिछले दिनों हुए सड़क हादसे में घायल कर्मजीत सिंह निवासी गांव मड़ौली की पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। खरड़ सिटी पुलिस ने आरोपी कार चालक जरनैल सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मृतक कर्मजीत सिंह के ससुर लखविंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि कर्मजीत सिंह अपने मोटरसाइकिल पर देसूमाजरा के पास पहुंचा तो उसके आगे जा रही कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी थी। इस कारण उसका मोटरसाइकिल कार से टकरा गया था और कर्मजीत सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद उसे सरकारी अस्पताल खरड़ पहुंचाया गया था। यहां पर डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया था। यहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।