जीरकपुर। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जीरकपुर में जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान सिविल सर्जन मोहाली डॉ. संगीता जैन के मार्गदर्शन और एसएमओ ढकोली डॉ. गगनदीप सिंह शेरगिल के निर्देशों पर आयोजित किया गया।
नोडल अधिकारी डॉ. सरगुन ग्रेवाल और हेल्थ सुपरवाइजर लखविंदरपाल की अगुवाई में न्यू एंजल स्कूल में डेंगू जागरूकता कैंप लगाया गया, जहां विद्यार्थियों को डेंगू से बचाव और इसके लक्षणों की जानकारी दी गई। इस दौरान छात्रों ने जागरूकता रैली भी निकाली।
हेल्थ वर्कर हरप्रीत सिंह ने बताया कि डेंगू का मच्छर साफ और रुके हुए पानी में पनपता है और दिन में काटता है। इसके लक्षणों में तेज बुखार, सिर दर्द और मांसपेशियों में दर्द शामिल हैं।
विभाग ने लोगों से अपील की कि घरों, स्कूलों और दफ्तरों में कूलर, गमलों और अन्य बर्तनों में पानी जमा न होने दें और नियमित साफ-सफाई रखें। इस मौके पर हेल्थ वर्कर पंकज पट्टी, रुपिंदर सिंह, जतिंदर सिंह, ब्रीड चेकर बलजिंदर सिंह सहित स्कूल स्टाफ भी मौजूद रहा।