मोहाली। जिले में कोरोना महामारी का संकट लगातार गहराता जा रहा है। इससे रोजाना दो-तीन लोगों की मौत हो रही है। रविवार को कोरोना से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 329 लोग नए संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही अब जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 446 हो गई है। लगातार हो रही कोरोना संक्रमितों की मौत जिला प्रशासन के लिए सिरदर्दी बनी हुई। इस स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पहले ही निजी अस्पतालों को आदेश दे चुका है कि उनके यहां कोई भी कोरोना मरीज गंभीर हालत में है तो इस बारे में तुरंत उन्हें सूचित करें। साथ ही जरूरत पड़ने पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सेहत विभाग के विशेषज्ञों से इस बारे में संपर्क करें, जिससे लोगों की हो रही मौतों के आंकड़े को कम किया जा सके।
पिछले 24 घंटे में जिले में जिन चार लोगों की कोरोना से मौत हुई है प्रशासन की ओर से उनके बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई, जबकि सेहत विभाग के विशेषज्ञों की मानें तो जिन लोगों कीे कोरोना से मौत हुई है, वे पहले ही कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। वही, जो नए संक्रमित पाए गए हैं उन 329 लोगों में से 220 लोग अकेेले मोहाली शहर से जुड़े हुए हैं। जबकि अन्य केसों में बनूड़ से 7, बूथगढ़ से एक, डेराबस्सी से चार, ढकोली से 67, घडुआं से तीन, खरड़ से 24 और लालड़े के तीन मामले शामिल हैं। वहीं, 262 लोग कोरोना को मात देकर तंदुरुस्त हुए हैं। बता दें कि इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 28210 हो गई। इनमें से 24172 लोग तंदुरुस्त हो चुके हैं। जबकि भी सक्रिय मरीजों की संख्या 3592 है।
कोरोना की रोकथाम के लिए यह जरूरी
सेहत विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए प्रशासन का सहयोग दें। जिससे बढ़ी संख्या को रोका जा सके। डीसी गिरीश दियालन ने कहा कि कोरोना से बचने के लिए लोगों को घर से बाहर निकलते समय मुंह पर मास्क जरूर पहनना चाहिए। इसके साथ ही भीड़ वाली जगह पर जाने से बचना चाहिए और दुकानों या सार्वजनिक स्थलों पर सामाजिक दूरी बनाकर रखनी चाहिए। इसके साथ ही जिन आयु वर्ग के लोगों के लिए कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण मुहिम चल रही है, उनको टीकाकरण जरूर करवाना चाहिए। किसी भी तरह की मेडिकल सहायता के लिए टोल फ्री मेडिकल हेल्पलाइन नंबर-104 पर संपर्क कर सकते हैं।