जीरकपुर। नगर परिषद के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से एक नए ट्यूबवेल का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा दूसरे ट्यूबवेल का निर्माण भी शुरू करवाया। हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने वार्ड-1 के सैनी विहार फेज–4 में 40.53 लाख रुपये की लागत से तैयार ट्यूबवेल का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। इसके अलावा उन्होंने वार्ड-7 में पड़ते कलगीधर एनक्लेव, बलटाना में भी 40.53 लाख रुपये की लागत से पीने वाले पानी के नए ट्यूबवेल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं, स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन नए ट्यूबवेलों से स्थानीय निवासियों को पेयजल की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। इस मौके पर आम आदमी पार्टी की पूरी टीम, स्थानीय नेताओं व स्थानीय निवासी भी उपस्थित रहे।