जीरकपुर। छत लाइट प्वाइंट पर पारंपरिक पुलिस बीट बॉक्स को आधुनिक बीट बॉक्स में बदला गया है। वीरवार को इस आधुनकि बीट बॉक्स का उद्घाटन आईजी रोपड़ एचएस भुल्लर ने किया।
इस दौरान उनके साथ दीपक पारीक एसएसपी मोहाली, डीएसपी यातायात करनैल सिंह भी मौजूद थे। इस दौरान बात आईजी भुल्लर ने कहा कि इन बीट बॉक्सों को सीसीटीवी कैमरे और फ्लैशिंग लाइट जैसी सुविधाओं के साथ नया रूप दिया गया है। ये बीट बॉक्स आम जनता के साथ साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के लिए भी फायदेमंद साबित होंगे।
इस दौरान एसएसपी दीपक पारीक ने बताया कि छत लाइट प्वाइंट पर लगाया गया यह तीसरा आधुनिक बीट बॉक्स है। कुछ दिन पहले जिले के दूसरे आधुनिक बीट बॉक्स का उद्घाटन एयरपोर्ट रोड में किया गया था।
उन्होंने कहा कि इन बीट बॉक्सों पर लगाए गए सीसीटीवी से यातायात नियमों के उल्लंघन को रोकने में मदद मिलेगी। साथ ही साथ हादसों के मामलों में जांच में भी सुविधा रहेगी। इससे शरारती और आपराधिक लोगों पर कड़ी नजर रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिले में पुलिस निगरानी बढ़ाने के लिए पूरे मोहाली में ऐसे आधुनिक बूथ स्थापित किए जाएंगे। आने वाले समय में चंडीगढ़ की तर्ज पर इन कैमरों की मदद से ऑन लाइन चालान की कार्रवाई भी होगी।