मोहाली। सेक्टर-108 के रहने वाले एक व्यक्ति से दंपती और उसके बेटे ने मिलकर विदेश भेजने के नाम पर एक 65 साल के बुजुर्ग से चार लाख रुपये ठग लिए। सोहाना थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह, उसकी पत्नी बलविंदर कौर और बेटे गुरप्रवेश सिंह के रूप में हुई है। पता चला है कि सुखविंदर सिंह पुलिस से सेवानिवृत हो चुका है जबकि उसकी पत्नी अभी भी पंजाब पुलिस में कार्यरत है।
शिकायतकर्ता रजिंदर सिंह वासी फेज-2 ने पुलिस को बताया कि उक्त आरोपियों से उनकी पारिवारिक जान-पहचान थी। करीब पांच साल पहले 2018 में उन्होंने कहा कि उसका बेटा कनाडा में है और वह उन्हें भी वहां ही सेटल कर देंगे। वह उन्हें पहले से जानता था इसलिए उनके झांसे में आ गया और उन्हें कागजी कार्रवाई के लिए उसे चार लाख रुपये दिए। इसके बाद उन्हें वे आश्वासन देते रहे कि जल्द ही उन्हें विदेश भेज दिया जाएगा। जब काफी समय तक उन्होंने विदेश नहीं भेजा तो उन्होंने उनसे पूछा तो उन्होंने कहा कि उनका बेटा तनाव में आ गया है और उसे वापस लाना पड़ेगा। इसके लिए भी उन्होंने उससे पैसे लिए। उनके बेटे के तनाव में आने की बात जानकर उनकी आर्थिक मदद भी की लेकिन बाद में पता चला कि बेटे के तनाव में आने की बात झूठी है और वह पहले भी कई लोगों से पैसे ठग चुके हैं।
विदेश भेजने में असफल रहने पर पैसा दोगुना लौटाने का दिया था झांसा
बुजुर्ग ने बताया कि जब आरोपियों ने उससे कनाडा भेजने के नाम पर पैसे लिए थे तो कहा था कि वे उसे पक्के तौर पर कनाडा भेजेंगे। वहीं अगर वे ऐसा नहीं कर पाते हैं तो उनके द्वारा जमा करवाई राशि के एवज में वे दोगुना पैसा लौटाएंगे। वह उनकी बातों में आ गए और कनाडा भेजने के लिए उन्हें पैसे दे दिए।
पांच साल तक भी नहीं भेजा विदेश तो एसएसपी दफ्तर में दी शिकायत
बुजुर्ग रजिंदर सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि पांच साल तक वह इनके द्वारा विदेश भेजने या पैसे लौटाने का इंतजार करते रहे लेकिन आरोपियों ने उन्हें पैसे नहीं लौटाए और न ही विदेश भेजा। इससे परेशान होकर उन्होंने अप्रैल 2023 में एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी। शिकायत की जांच डीएसपी हेडक्वार्टर ने की। बाद में रिपोर्ट एससएसपी को दी। इसके बाद डीए लीगल से सलाह लेकर एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग ने सोहाना थाना पुलिस को शिकायत दर्ज करने के आदेश दिए।