मोहाली। जिले के 438 प्राइमरी और 210 अपर प्राइमरी सरकारी स्कूलों में शनिवार को मेगा पीटीएम आयोजित की गई। कक्षा प्रभारी शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ एक-एक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति साझा की। पढ़ने-लिखने में कमजोर बच्चों को लेकर अभिभावकों को स्पष्ट फीडबैक दिया गया। कई अभिभावकों ने स्वीकार किया कि उन्हें पहली बार बच्चों की वास्तविक स्थिति का अंदाजा इस तरह की बातचीत से हुआ। जिन विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर था, उनकी मेहनत की सराहना भी की गई।
डिप्टी डीईओ (सेकेंडरी) अंग्रेज सिंह और डिप्टी डीईओ (एलिमेंट्री) परमिंदर कौर ने बताया कि मीटिंग में केवल फीडबैक ही नहीं दिया गया, बल्कि अभिभावकों से महत्वपूर्ण सुझाव भी मांगे गए। पीटीएम के दौरान अभिभावकों ने सवाल उठाए कि बच्चों का ध्यान पढ़ाई से क्यों भटक रहा है, होमवर्क में रुचि क्यों नहीं बन पा रही और मोबाइल का असर पढ़ाई पर कैसे पड़ रहा है। शिक्षकों ने इन मुद्दों पर खुलकर चर्चा की और बताया कि घर में पढ़ाई का समय तय करना और बच्चों से नियमित संवाद जरूरी है।